अयोध्या। 5100 मातृशक्तियों द्वारा चटमाता पूजन, गरबा महारास, कवि सम्मेलन और भव्य भरत मिलाप यात्रा होंगे प्रमुख आकर्षण सर्किट हाउस में गुरुवार को महात्मा भरत की तपोस्थली नंदीग्राम स्थित भरतकुंड में आयोजित होने वाले 28वें भरतकुंड महोत्सव का पोस्टर जारी किया गया। भरतकुंड महोत्सव न्यास की ओर से उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित होने वाले महोत्सव का पोस्टर बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान और भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने जारी किया।
महोत्सव के संयोजक विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने कहा कि आयोजन के माध्यम से महात्मा भरत के त्याग, तपस्या, सेवा और समर्पण के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ अवध की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोककला और धार्मिक परंपराओं को मंच प्रदान किया जाएगा। सात दिनों तक चलने वाले महोत्सव में धार्मिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, सामाजिक और खेलकूद से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी।
महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में 5100 मातृशक्तियों द्वारा चटमाता पूजन, हजारों बालिकाओं का गरबा महारास, जनकल्याण महायज्ञ, संत-महात्माओं के प्रवचन और भव्य भरत मिलाप यात्रा शामिल हैं। इसके अलावा कबड्डी, चित्रकला, मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिताएं, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, नारी शक्ति फैशन शो, क्रिएटर अवार्ड शो, अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन, रामलीला और धार्मिक नौटंकी का आयोजन होगा। प्रतिदिन होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में क्षेत्रीय, प्रादेशिक और राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
