बिल्हौर। दीपावली पर्व पर क्षेत्र की जनता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिशासी अभियंता (एक्सईएन), विद्युत वितरण खंड चौबेपुर को पत्र लिखकर विधानसभा क्षेत्र के सभी इलाकों में त्योहार के दौरान बिना बाधा बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा है।विधायक ने निर्देश दिए हैं कि दीपावली से पहले सभी विद्युत उपकेंद्रों, ट्रांसफार्मरों और बिजली लाइनों का गहन निरीक्षण कर लिया जाए। जहां भी मरम्मत या अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जरूरत हो, उन्हें समय रहते पूरा कराया जाए, ताकि त्योहार के दौरान लोगों को बिजली संकट का सामना न करना पड़े।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अनावश्यक बिजली कटौती अथवा विभागीय लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। विधायक ने कहा कि दीपावली खुशियों और रोशनी का पर्व है। ऐसे में बिल्हौर की जनता को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना बिजली विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
