लखनऊ। सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में सोमवार को पार्किंग के विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की गोली मारकर हत्या के मामले ने मंगलवार को तूल पकड़ लिया। पोस्टमार्टम के बाद शिवाजी तिवारी, उनके भाई शंभू तिवारी और बेटे सुयश तिवारी के शव घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। थोड़ी देर तक अंतिम दर्शन कराने के बाद नाराज लोगों ने शव उसी चबूतरे के पास ले जाकर रख दिए जिसे लेकर झगड़ा हुआ था। परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। इसके बाद नारेबाजी शुरू हो गई। हंगामा बढ़ता देख 10 थानों की पुलिस फोर्स को बुलाया गया। शव रखकर सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन शाम 04:30 बजे तक चला। उधर, देखते ही देखते शिवाजी के रिश्तेदारों और करीबियों की भीड़ जमा हो गई।
आक्रोशित लोगों ने हत्यारोपी ऋषभ शुक्ला के मकान पर बुलडोजर चलाने की मांग शुरू कर दी। काफी देर तक कोई कार्रवाई न होने पर भीड़ ऋषभ के घर में घुसने लगी। घर के बाहर खड़े दोपहिया वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी। मकान में तोड़फोड़ की भी कोशिश की। पुलिस फोर्स ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को मकान में घुसने से रोका। आरोपी के घर के बाहर सुरक्षाकर्मी तैनात कर देने से आक्रोश बढ़ गया। लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी का पक्ष ले रही है। इसके बाद ऋषभ के एनकाउंटर की मांग होने लगी। इस पूरे मामले में रात में करीब साढ़े दस बजे आरोपियों के घर को गिराने के लिए बुलडोजर पहुंचा। हालांकि इसका एक हिस्सा गिराया गया।
