धीरेन्द्र श्रीवास्तव / सूर्योदय भास्कर ब्यूरो
लखनऊ। पहले से भी खतरनाक महामारी फैलने की आशंका जताई; बोले—आने वाले समय में मुट्ठी भर अनाज के लिए तरस सकते हैं लोग, पैसा और सोना-चाँदी भी नहीं आएगा काम!
छत्तीसगढ़ में बैलगाड़ी यात्रा निकालकर देश को दिया बड़ा संदेश—गौ-आधारित जैविक खेती अपनाओ, अपने बीज बचाओ और भारत को कृषि क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाओ।
छत्तीसगढ़ के शिवरीनारायण में सद्गुरु श्री ऋतेश्वर जी ने विशेष बैलगाड़ी यात्रा निकालकर देश की कृषि व्यवस्था, भविष्य की खाद्य सुरक्षा और मानव स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।
गुरुदेव ने चेताया कि यदि भविष्य में बीज, डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति बंद हो गई, तो देश में अन्न उत्पादन का गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। ट्रैक्टर और कृषि मशीनें खड़ी रह जाएँगी और किसानों के सामने खेत जोतने तथा अन्न पैदा करने की बड़ी चुनौती होगी।
“अगर एक वर्ष तक डीजल की सप्लाई बंद हो गई तो आप खेत कैसे जोतोगे? बैल कहाँ हैं? अन्न कैसे पैदा होगा?” — सद्गुरु श्री ऋतेश्वर जी
पहले से भी खतरनाक महामारी फैलने की आशंका
गुरुदेव ने जैविक खेती को मानव स्वास्थ्य के लिए आवश्यक बताते हुए आशंका व्यक्त की कि यदि वर्तमान परिस्थितियाँ इसी प्रकार बनी रहीं, तो भविष्य में पहले फैल चुकी महामारियों से भी अधिक खतरनाक महामारी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने प्राकृतिक भोजन, गौ-आधारित खेती और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
“मुट्ठी भर अन्न के लिए तरस सकते हैं लोग”
सद्गुरु श्री ऋतेश्वर जी ने आने वाले दस वर्षों में संभावित कृषि संकट को लेकर आगाह करते हुए कहा कि ऐसी परिस्थितियाँ उत्पन्न हो सकती हैं जब लोगों के पास पैसा, सोना और चाँदी तो होंगे, लेकिन अन्न के लिए संघर्ष करना पड़ेगा।
उन्होंने पुरानी कहावत का उल्लेख करते हुए कहा— “बोरे भरकर नोट ले जाओगे तो मुट्ठी भर चावल और गेहूँ लेकर आओगे।”
शिवरीनारायण से देशव्यापी जैविक खेती अभियान का संकल्प
गुरुदेव ने माता शबरी की पावन भूमि शिवरीनारायण से गौ-आधारित जैविक खेती का अभियान प्रारंभ करने की योजना की घोषणा की। उन्होंने किसानों से अपने घरों में बीज सुरक्षित रखने, गौवंश का संरक्षण करने और प्राचीन प्राकृतिक कृषि व्यवस्था की ओर लौटने का आह्वान किया।
उन्होंने एक प्राकृतिक चिकित्सालय एवं आराधनालय की स्थापना की परिकल्पना भी व्यक्त की, जहाँ लोगों को प्रकृति के अनुरूप स्वस्थ और आत्मनिर्भर जीवन जीने की कला सिखाई जाएगी।
“अपना अन्न उगाओ, अपना खाओ। बैलों की सेवा आप करो, बैल आपकी सेवा करें।” — सद्गुरु श्री ऋतेश्वर जी
गुरुदेव की बैलगाड़ी यात्रा ने छत्तीसगढ़ की धरती से पूरे भारत को कृषि आत्मनिर्भरता, गौवंश संरक्षण, जैविक खेती और भविष्य की खाद्य सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
