सूर्योदय भास्कर ब्यूरो रिपोर्ट
हरदोई।अतरौली उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों की ग्रामीण राजनीति में इन दिनों एक नई और चिंताजनक परंपरा देखने को मिल रही है। राजनीतिक गलियारों में नेता के दल-बदल या पाला बदलने के बाद गुस्सा अब विकास कार्यों के शिलालेखों और नेम प्लेटों पर उतारा जा रहा है।ताजा मामलों में देखा गया है कि जैसे ही कोई ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य या अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि अपना दल बदलकर दूसरी पार्टी में शामिल होता है, वैसे ही विरोधी गुट के लोग उसके कार्यकाल में लगाई गई विकास कार्यों की नेम प्लेटों और शिलान्यास पत्थरों को निशाना बनाने लगते हैं। कहीं पत्थरों को तोड़ दिया जाता है तो कहीं उन पर कालिख पोत कर अपना विरोध जताया जाता है।*विकास नहीं, नाम पर चोट*ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, खड़ंजा, पंचायत भवन या बारात घर जैसे कार्यों पर लगने वाले पत्थरों पर जनप्रतिनिधि का नाम लिखा होता है। यह सरकारी धन से होता है, लेकिन इसे व्यक्तिगत उपलब्धि के तौर पर प्रचारित किया जाता है। इसी कारण पाला बदलने पर विरोधी इसे अपमानित करने का जरिया बना लेते हैं।वरिष्ठ पत्रकारों का मानना है कि यह स्वस्थ लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। विकास कार्य जनता के पैसे से होते हैं, किसी नेता की निजी जागीर नहीं। शिलालेख तोड़ने या कालिख पोतने से विकास नहीं मिटता, बल्कि राजनीतिक विद्वेष की भावना बढ़ती है।प्रशासन को भी इस पर सख्त रुख अपनाना होगा, क्योंकि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। दल-बदल की सियासत में विकास कार्यों के शिलापटों को निशाना बनाने का मामला सामने आया है। पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं वर्तमान में भाजपा से बसपा प्रत्याशी बने *बिन्नू सिंह* के द्वारा लगवाए गए कई विकास कार्यों के शिलापटों को अज्ञात लोगों द्वारा तोड़ दिया गया।मिली जानकारी के अनुसार *सिद्धनाथ दरबार पर बने सार्वजनिक शौचालय, जाजूपुर से बेहड़ा जाने वाले मार्ग पर बने मिनी पुल, बानपुर की पुलिया से मांझगांव जाने वाले खड़ंजे तथा जाजूपुर से सिद्धनाथ जाने वाले खड़ंजे* के शिलापटों को रात के अंधेरे में हथौड़ों से तोड़ दिया गया।इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं इस पूरे मामले पर *बिन्नू सिंह ने कहा कि यह सब विरोधियों के कृत्य हैं।* भाजपा छोड़कर बसपा में शामिल होने के बाद से विरोधी इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। विकास के पत्थर तोड़ने से विकास नहीं रुकता।ग्रामीणों ने भी इस घटना की निंदा की है और प्रशासन से दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

