24 घन्टे का निर्जला व्रत रखकर सुहागिनों ने अपने पति की लम्बी आयु की भगवान से की कामना।
सूर्योदय भास्कर ब्यूरो चीफ
जंगबहादुरगंज खीरी। जनपद में गुरुवार को पति-पत्नी के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक ‘करवा चौथ’ का पावन पर्व बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया, जनपद के पसगवां ब्लॉक के कस्बा जंगबहादुरगंज सहित तमाम ग्रामीण व शहरी अंचलों में महिलाओं ने पति की दीर्घायु और अखंड सौभाग्य के लिए पूरे विधि-विधान से माता करवा और शिव परिवार का पूजन किया।सुबह से ही पूरे ब्लॉक भर के घरों में उत्सव का माहौल देखने को मिला।सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र,सुखी जीवन और आरोग्य की कामना के लिए दिनभर कड़ा ‘निर्जला’ उपवास रखा और रात में चंद्रदेव को अर्घ्य देकर अपना व्रत पूर्ण किया।त्योहार को लेकर कस्बे में काफी भीड़ भाड़ रही। कॉस्मेटिक, पारंपरिक साड़ियों, लहंगों, सोने-चांदी के आभूषणों और पूजा बर्तनों की दुकानों पर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसके साथ ही मिट्टी के विशेष करवे और दीपकों की दुकानों पर भी महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। ब्यूटी पार्लरों में महिलाओं को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा, तो वहीं मेहंदी लगाने वाले कलाकारों के पास देर रात तक रौनक बनी रही।आधुनिकता के इस दौर में भी कस्बे के ग्रामीण अंचलों जैसे अल्लीपुर, मस्तीपुर, पनेई, जलालपुर, अजबापुर सहित अन्य गांवों में लोक परंपराओं के सुंदर रंग देखने को मिले। ग्रामीण महिलाओं ने अपने घरों की दीवारों को साफ कर उन पर गेरू और चावल के ऐपन से पारंपरिक चित्रकारी की। इन दीवारों पर करवा माता, भगवान शिव-पार्वती, गणेश जी, सूर्य और चंद्रमा की आकृतियां उकेरी गईं,जो सुहाग की मंगलकामना और दांपत्य जीवन की सुख-समृद्धि को दर्शाती हैं।शाम के शुभ मुहूर्त में महिलाएं सोलह श्रृंगार कर, लाल और चटक रंगों की खूबसूरत साड़ियों में सजी-धजी नजर आईं। शहर से लेकर गांवों तक कई स्थानों पर सामूहिक पूजा का आयोजन किया गया। महिलाओं ने एक साथ बैठकर करवा माता की पारंपरिक कथा सुनी और करवे बदले।इस दौरान पारंपरिक गीतों और भजनों से पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा।रात करीब 9 बजे जैसे ही बादलों की ओट से चंद्रमा का दीदार हुआ, महिलाओं के चेहरे खिल उठे। व्रती महिलाओं ने छतों और आंगन में जाकर छलनी के माध्यम से पहले दीप शिखा और चंद्रदेव के दर्शन किए, उन्हें जल का अर्घ्य दिया और फिर उसी छलनी से अपने पति का चेहरा देखा। इसके बाद पतियों ने अपनी पत्नियों को पानी पिलाकर और मिठाई खिलाकर उनका निर्जला व्रत खुलवाया। पतियों ने भी अपनी जीवनसंगिनी को सुंदर उपहार भेंट कर इस खास दिन को यादगार बनाया।इस वर्ष करवा चौथ पर बने विशेष महायोगों के कारण महिलाओं में पूजा-अर्चना को लेकर एक अलग ही उत्साह और श्रद्धा का भाव देखा गया, जिसने इस पर्व को और अधिक भव्य बना दिया।

