सूर्योदय भास्कर बिल्हौर (कानपुर)। सरकारी तंत्र की सुस्ती और अफसरों के खोखले आश्वासन का इससे बड़ा प्रमाण और क्या होगा कि पूरे पांच दिन बीत जाने के बाद भी जीटी रोड पापा होटल के पास खड़ी जर्जर चुंगी और उस पर झुका विशालकाय पेड़ जस का तस बना हुआ है। वन विभाग के रेंजर विजय श्रीवास्तव ने पांच दिन पहले बड़े-बड़े दावे किए थे कि जांच टीम मौके पर पहुंच चुकी है और राहगीरों की सुरक्षा के लिए पेड़ की टहनियां व इस खतरे को तुरंत हटवाया जाएगा, लेकिन हकीकत यह है कि आज भी वहां से गुजरने वाले सैकड़ों वाहन चालक अपनी जान हथेली पर रखकर सफर करने को मजबूर हैं।सवाल यह उठता है कि क्या वन विभाग और स्थानीय प्रशासन किसी बड़े हादसे या किसी बेगुनाह की जान जाने का इंतजार कर रहा है? कागजों पर टीमें गठित करना और अखबारों में बयान देकर पांच दिनों तक शांत बैठ जाना अफसरों की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। जर्जर हो चुकी कोठरी की दीवारें कभी भी भरभराकर हाईवे पर गिर सकती हैं। अब जनता सीधे उच्चाधिकारियों से जवाब मांग रही है कि आखिर इस पांच दिन की सुस्ती पर एक्शन कब होगा और कब राहगीरों को इस खौफ से मुक्ति मिलेगी?
