सूर्योदय भास्कर ब्यूरो चीफ हापुड़
हापुड़। प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान दे रहे शालोम ट्रस्ट को मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा ने सम्मानित किया। उन्होंने ट्रस्ट के प्रतिनिधियों को स्मृति चिह्न भेंट कर टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। आपको बता दें शालोम ट्रस्ट की ओर से जनपद में टीबी मरीजों को पुष्टाहार वितरित करने के साथ नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ट्रस्ट कई वर्षों से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। सीडीओ श्रुति शर्मा ने कहा कि टीबी मरीजों की मदद और जनजागरूकता के लिए ट्रस्ट द्वारा किया जा रहा कार्य सराहनीय एवं अनुकरणीय है। उन्होंने इस अभियान में जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग देने की बात कही। साथ ही अन्य सामाजिक संस्थाओं से भी ऐसे कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने भी ट्रस्ट की सेवाओं की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह और पीपीएम कोऑर्डिनेटर सुशील चौधरी ने टीबी उन्मूलन अभियान में ट्रस्ट के सहयोग की सराहना की।
