सिद्धार्थनगर। छोटी दीपावली के पावन अवसर पर व्यापार सेवा मण्डल, गोल्हौरा बाजार के तत्वावधान में श्री लक्ष्मी पूजा सेवा समिति के पंडाल में आगामी 7 नवंबर को शाम 6 बजे से सोशल मीडिया वीडियो क्रिएटर्स एवं एक्टिविस्ट सम्मेलन व सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जनपद सिद्धार्थनगर सहित आसपास के जनपदों के लोकप्रिय सोशल मीडिया वीडियो क्रिएटर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।इस सम्मेलन में मुख्य वीडियो क्रिएटर के रूप में मोहन यादव कॉमेडी, सद्दाम, जाफरी सर, मंजू देवी, फूल चंद प्रजापति, लकी की मम्मी, आरती ऑफिशियल, पंचम एवं माही राजपूत सहित कई चर्चित सोशल मीडिया हस्तियों के सम्मिलित होने की संभावना है। संगीतमय कार्यक्रम का शुभारंभ संगीतकार डॉ. अवधेश चौधरी द्वारा किया जाएगाआयोजन का मुख्य उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी प्रतिभा, कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन करने वाले युवाओं एवं अन्य प्रतिभाशाली लोगों को एक साझा मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम के दौरान सभी आमंत्रित वीडियो क्रिएटर्स एवं एक्टिविस्ट को मंच पर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही कंटेंट क्रिएशन, डिजिटल प्लेटफॉर्म की उपयोगिता, सोशल मीडिया के सकारात्मक प्रभाव तथा नए क्रिएटर्स के लिए संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।आयोजकों की ओर से जनपद सिद्धार्थनगर एवं आसपास के जनपदों के सभी सोशल मीडिया वीडियो क्रिएटर्स, डिजिटल इनफ्लुएंसर्स एवं एक्टिविस्टों को कार्यक्रम में सादर आमंत्रित किया गया है। यह सम्मेलन स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और डिजिटल क्षेत्र में आपसी सहयोग एवं संवाद को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।उक्त जानकारी कार्यक्रम के संयोजक डॉ. गोविन्द मौर्य प्रेम जी ने देते हुए सभी सोशल मीडिया क्रिएटर्स एवं एक्टिविस्टों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
