सूर्योदय भास्कर बिल्हौर, कानपुर नगर। बिल्हौर तहसील क्षेत्र की बदहाल सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी के बिल्हौर विधानसभा अध्यक्ष इंजीनियर विनय यादव ने जिलाधिकारी कानपुर नगर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की जनता को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।ज्ञापन के माध्यम से इंजीनियर विनय यादव ने बताया कि बिल्हौर तहसील क्षेत्र की जनता पिछले कई वर्षों से सार्वजनिक परिवहन की गंभीर समस्या से जूझ रही है। लगभग तीन वर्षों से बिल्हौर क्षेत्र में संचालित सीएनजी बस सेवा बंद पड़ी है, लेकिन आज तक उसे दोबारा शुरू नहीं कराया गया। इस संबंध में कई बार शिकायत की गई और IGRS पोर्टल के माध्यम से भी समस्या को शासन-प्रशासन के संज्ञान में लाया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।उन्होंने कहा कि बिल्हौर तहसील होने के बावजूद यहां की जनता को नियमित बस सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्र के हजारों छात्र-छात्राओं, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों और ग्रामीणों को कानपुर नगर तथा आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने के लिए निजी वाहनों और अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे लोगों का समय और पैसा दोनों बर्बाद होते हैं।इंजीनियर विनय यादव ने कहा कि बिल्हौर में पिछले लगभग 10 वर्षों से स्थायी रोडवेज बस अड्डे की मांग की जा रही है, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जबकि बिल्हौर एक महत्वपूर्ण तहसील एवं बड़ा ग्रामीण क्षेत्र है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग कानपुर नगर और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करते हैं।ज्ञापन में प्रमुख रूप से सात मांगें उठाई गईं।1. रावतपुर से बिल्हौर तक इलेक्ट्रिक बस (E-Bus) सेवा शीघ्र शुरू कराई जाए।2. बिल्हौर से ककवन तक नियमित इलेक्ट्रिक बस सेवा संचालित की जाए।3. बिल्हौर से अरौल, मकनपुर एवं बिठ्ठूर/बिसधन क्षेत्र तक नियमित बस सेवा शुरू कराई जाए।4. पिछले तीन वर्षों से बंद पड़ी सीएनजी बस सेवा को तत्काल पुनः चालू कराया जाए तथा पर्याप्त बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए।5. बिल्हौर में जनता की सुविधा के लिए आधुनिक एवं स्थायी रोडवेज बस अड्डे का निर्माण कराया जाए।6. जीटी रोड पर बिल्हौर, अरौल, पूरा, शिवराजपुर, चौबेपुर एवं मंधना में सड़क के दोनों ओर सुरक्षित यात्री प्रतीक्षालय बनाए जाएं, जिससे यात्रियों को धूप, बारिश और ठंड में परेशान न होना पड़े।7. सभी निर्धारित मार्गों पर बसों का नियमित संचालन, समय-सारणी और पर्याप्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।इंजीनियर विनय यादव ने कहा कि परिवहन सुविधा केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों के लोगों को भी समान रूप से इसका लाभ मिलना चाहिए। बेहतर बस सेवा शुरू होने से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज जाने, व्यापारियों को कारोबार करने तथा आम जनता को अपने जरूरी कार्यों के लिए आवागमन करने में बड़ी राहत मिलेगी।उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि इस गंभीर जनसमस्या को प्राथमिकता पर लेते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम, परिवहन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं, ताकि बिल्हौर क्षेत्र की जनता को जल्द से जल्द बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।इस दौरान ज्ञापन सौंपते समय क्षेत्र के कई गणमान्य लोग एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे बंटी फारुकी, इंद्रेश यादव, अभिनेश पुतान, जीतेन्द्र राजपूत आदि लोग उपस्थिति रहे
