मेरठ। सौरभ राजपूत और अमित कश्यप हत्याकांड में अदालत से मृत्युदंड की सजा पाए चारों दोषियों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में अपील दायर कर दी है। दोषियों की ओर से निजी अधिवक्ताओं के माध्यम से अपील दाखिल की गई है। वहीं, मेरठ जेल प्रशासन ने चारों को अलग-अलग जेलों में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। जेल अधिकारियों के मुताबिक, साहिल और अमरदीप को आगरा जेल तथा मुस्कान और रविता को लखनऊ स्थित नारी बंदी निकेतन भेजने के लिए संबंधित अधिकारियों से पत्राचार किया गया है।
दोनों हत्याकांडों में मृत्युदंड की सजा सुनाए जाने के बाद दोषियों ने फैसले को इलाहाबाद हाईकोर्ट में चुनौती दी है। मुस्कान, साहिल, रविता और अमरदीप की ओर से अधिवक्ता निधि त्रिवेदी और रविकेंद्र प्रताप सिंह के माध्यम से अपील दायर की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, अपील पर अगले सप्ताह सुनवाई की तारीख निर्धारित होने की उम्मीद है। दोषी जेल प्रशासन से अपने मुकदमों की अगली तारीख के बारे में जानकारी भी ले रहे हैं। हालांकि, सुनवाई की तारीख तय होने की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही इसकी जानकारी स्पष्ट होगी।
