सूर्योदय भास्कर बिल्हौर/मकनपुर (कानपुर)।सूफी आस्था के प्रसिद्ध केंद्र मकनपुर शरीफ में हजरत सैय्यद बदीउद्दीन जिंदा शाह मदार का 610वां सालाना उर्स शुक्रवार भोर में ‘कुल शरीफ’ की रस्म के साथ संपन्न हो गया। तीन दिनों तक ‘दम मदार बेड़ा पार’ की सदाओं से गूंजने वाले दरगाह परिसर में आज सुबह नम आंखों से मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी गई।दुआ-ए-आम पूरी होते ही देश-विदेश से आए लाखों अकीदतमंदों की घर वापसी का सिलसिला शुरू हो गया। कस्बे की गलियों में जायरीन अपने सिर पर गठरी-बिस्तर और बैग थामे रेलवे स्टेशन व बस अड्डों की ओर जाते दिखाई दिए। स्थानीय प्रशासन की चाक-चौबंद सुरक्षा और 150 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बीच यह ऐतिहासिक सूफी मेला सकुशल संपन्न हुआ। स्थानीय दुकानदारों और दरगाह कमेटी ने कौमी एकता की मिसाल पेश करते हुए नम आंखों से मेहमानों को विदा किया।
