बिल्हौर कानपुर।
बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बिल्हौर विधानसभा की कई महत्वपूर्ण व लंबे समय से लंबित समस्याओं तथा जनहित की मांगों को प्रमुखता से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।
मुलाकात के दौरान विधायक राहुल बच्चा सोनकर ने बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के न्यायिक क्षेत्राधिकार को कानपुर देहात (माती) से हटाकर पुनः कानपुर नगर में स्थानांतरित करने की पुरजोर मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वर्तमान व्यवस्था के कारण क्षेत्रीय जनता को अदालती व प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर माती जाना पड़ता है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसे पुनः कानपुर नगर से जोड़ने पर आम जनमानस को बड़ी राहत मिलेगी।
ककवन और चौबेपुर में कस्तूरबा गांधी विद्यालय की मांग
बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विधायक ने ककवन और चौबेपुर ब्लॉक में एक-एक कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (KGBV) की स्थापना की मांग भी रखी। उन्होंने बताया कि पूर्व में बिल्हौर और शिवराजपुर में दो कस्तूरबा गांधी विद्यालय स्वीकृत हो चुके हैं, और नए विद्यालयों के बनने से क्षेत्र की बेटियों को उच्च व सुरक्षित शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर मिलेगा।
बिल्हौर कस्बे में बनेगा नया बस स्टैंड
क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विधायक सोनकर ने बिल्हौर कस्बे के अंदर एक आधुनिक रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण कराने की बात भी मुख्यमंत्री जी के समक्ष मजबूती से उठाई। उन्होंने बताया कि बस स्टैंड न होने से यात्रियों को आवागमन में भारी असुविधा होती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने सभी मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए उन पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
