कानपुर नगर (बिल्हौर)- कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री गयादीन अहिरवार की अपहरण के बाद निर्मम हत्या किए जाने की घटना से अधिवक्ता समाज में गहरा रोष व्याप्त है। इस जघन्य घटना के विरोध में मंगलवार को बिल्हौर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजेश कटियार महामंत्री सौरभ कटियार एवं द लॉयर्स एसोसिएशन बिल्हौर अध्यक्ष जनार्दन महामंत्री कुशल एवं एकीकृत एडवोकेट एसोसिएशन अध्यक्ष विनीत महामंत्री अनुराग आदि पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने तथा अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू किए जाने की मांग को लेकर महामहिम राज्यपाल महोदया को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी बिल्हौर/तहसीलदार बिल्हौर के माध्यम से सौंपा।ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री गयादीन अहिरवार का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी गई यह बहुत चिंताजनक विषय है बिल्हौर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा वरिष्ठ अधिवक्ता की इस प्रकार हत्या किया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है। घटना से संपूर्ण अधिवक्ता समाज में दुख, आक्रोश एवं असुरक्षा की भावना व्याप्त है।अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि हत्या में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्यवाही की जाए। अधिवक्ताओं एवं उनके परिवारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा देशभर में अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू किया जाए। इसके साथ ही अधिवक्ताओं के विरुद्ध होने वाली आपराधिक घटनाओं की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिया जाए।ज्ञापन में दिवंगत अधिवक्ता श्री गयादीन अहिरवार के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने तथा उनके परिवार के एक सदस्य को योग्यतानुसार सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं और आम नागरिकों को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में अधिवक्ताओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने शासन एवं प्रशासन से उक्त मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
