सरेराह घेरकर चौकीदार ने साथियों संग बोला धावा, असलहा लहराकर सोने की चेन लूटी
– सभासद हितेश भदौरिया व अनुज अवस्थी बिफरे: ‘जब चेयरमैन ही सुरक्षित नहीं, तो आम कर्मचारी या हमारी क्या बिसात!’
– छुट्टी के विवाद में अक्सर नशे में धुत रहने वाले चौकीदार ने रची साजिश, पहले भी कर चुका है अभद्रता
मुजीब अहमद ब्यूरोचीफ सूर्योदय भास्कर।
बिल्हौर (कानपुर नगर)। नगर पालिका परिषद बिल्हौर परिसर के अंदर मंगलवार दोपहर उस वक्त कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ गईं, जब नपा अध्यक्ष मोहम्मद इखलाक पर पालिका के ही एक चौकीदार ने अपने अज्ञात गुर्गों के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात के वक्त पालिका गेट पर पुलिसकर्मी मुस्तैद खड़े रहे, लेकिन अंदर चेयरमैन गुंडों के हाथों पिटते रहे। चेयरमैन की चीख-पुकार सुनकर जब अंदर बैठे कर्मचारी सुरक्षा के लिए दौड़े, तब हमलावर धमकी देते हुए भागे। कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए भाग रहे मुख्य आरोपी चौकीदार को मौके पर ही दबोच लिया, जिसे बाद में पुलिस ने कस्टडी में ले लिया।
जनप्रतिनिधियों में भारी उबाल, सुरक्षा पर उठाए सवाल
मामले को लेकर पालिका की राजनीति में भूचाल आ गया है और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है। वार्ड सभासद हितेश भदौरिया और सभासद अनुज अवस्थी ने इस कायराना हमले पर संयुक्त रूप से गहरा विरोध दर्ज कराते हुए पालिका प्रशासन और स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सभासदों ने कड़े शब्दों में कहा, “एक जनप्रतिनिधि पर इस तरह का जानलेवा हमला, वो भी उनके कार्यालय परिसर के भीतर, घोर निंदनीय है। जब शहर का चेयरमैन ही सुरक्षित नहीं है, तो आम कर्मचारी या हम सभासदों की क्या बिसात है! यह सीधे तौर पर कानून को चुनौती है।”
छुट्टी के विवाद और नशेबाजी में वारदात को दिया अंजाम
घटना की वजह उजागर करते हुए सभासदों ने बताया कि आरोपी चौकीदार अक्सर नशे में धुत होकर ड्यूटी पर आता है और वह पहले भी कई बार इस तरह की अभद्रता कर चुका है। उन्होंने साफ किया कि छुट्टी देना या न देना चेयरमैन का कार्य नहीं है, इसके लिए नियमतः अधिशासी अधिकारी (EO) या बाबू को बताना पड़ता है। लेकिन नशे का आदी यह कर्मचारी इसी बात को लेकर चेयरमैन से व्यक्तिगत खुन्नस खाए बैठा था और सुनियोजित साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दे डाला। दोनों सभासदों ने ऐसे दागी कर्मचारी को तत्काल सेवा से बर्खास्त करने की मांग की है।
हिरासत में आरोपी का पलटवार: ‘करवाचौथ की छुट्टी मांगने पर चेयरमैन और उनके साथियों ने पीटा, सिपाही ने बचाई जान’
वहीं, दूसरी ओर पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपी चौकीदार संजय कुमार चौहान ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को खारिज करते हुए चेयरमैन पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपी संजय चौहान का कहना है, “मैं नगर पालिका कार्यालय में करवाचौथ की छुट्टी के सिलसिले में बात करने गया था। इसी दौरान वहां किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते चेयरमैन और उनके साथियों ने आव देखा न ताव और मुझे लाठी-डंडों व लात-घूंसों से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। मौके पर खड़े एक सिपाही ने बीच-बचाव कर किसी तरह मेरी जान बचाई, वर्ना ये लोग मुझे जान से मार देते।”
शादी समारोह से लौटते वक्त घात लगाकर बैठे थे हमलावर
थाने में दी गई चेयरमैन की तहरीर के मुताबिक, नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद इखलाक दोपहर लगभग 3:00 बजे अपने भाई नईम बेग के साथ एक निकाह समारोह से मोटरसाइकिल द्वारा वापस नगर पालिका लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक नगर पालिका परिसर के भीतर दाखिल हुई, वहां पहले से घात लगाकर बैठे पालिका के ही शराबी चौकीदार संजय कुमार चौहान (निवासी वार्ड नंबर 12, पंत नगर) ने अपने 3-4 अज्ञात साथियों के साथ उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस बीच एक हमलावर ने अवैध असलहा (तमंचा) भी तान दिया और अध्यक्ष के गले से सोने की चेन झपट ली।
मूकदर्शक बनी रही पुलिस, कर्मचारियों ने दिखाया दम
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि जब परिसर के अंदर चेयरमैन पर हमला हो रहा था, तब गेट पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। चेयरमैन के लगातार चीखने-चिल्लाने पर अंदर बैठे कर्मचारी अपनी जान पर खेलकर बाहर दौड़े। कर्मचारियों को आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भागने लगे। इसी बीच कर्मचारियों ने घेराबंदी करके मुख्य आरोपी चौकीदार संजय चौहान को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी के पकड़े जाने के बाद बाहर खड़े पुलिसकर्मी हरकत में आए और उसे अपनी कस्टडी में लेकर थाने रवाना कर दिया। प्रार्थी का आरोप है कि बाद में आरोपी संजय का बड़ा भाई महेंद्र भी मौके पर पहुंचा और उसने भी पुलिस के सामने ही अध्यक्ष को जान से मारने की खुलेआम धमकी दी।
