सूर्योदय भास्कर ब्यूरो
सीतापुर। महर्षि दधीचि की पौराणिक नगरी मिश्रित तीर्थ में भगवान श्रीराम की लीलाओं के मंचन को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्री महर्षि दधीचि रामलीला न्यास की ओर से द्वितीय भव्य एवं दिव्य रामलीला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 1 नवंबर से 5 नवंबर तक चलेगा।
कार्यक्रम के आयोजक गणों के अनुसार, रामलीला महोत्सव का प्रस्तुतीकरण दिल्ली की ब्राइट फ्यूचर एकेडमी द्वारा किया जाएगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रभु श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भव्य मंचन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देना है।
रामलीला महोत्सव प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन मिश्रित तीर्थ स्थित मेला मैदान में किया जाएगा। श्री महर्षि दधीचि रामलीला न्यास कमेटी ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से परिवार सहित पहुंचकर इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
